अशोक कुमार झा

खूंटी। खूंटी के मुरहू थाना अंतर्गत बगमा गांव मेंपीएलएफआई उग्रवादियों ने भाजपा नेता के परिवार पर हमला कर दिया। इस हमले में उग्रवादियों ने सौ से ज्यादा गोलियां चलायी। इस घटना में भाजपा नेता राम मुंडा को गोली लग गयी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गयी।

वहीं इस घटना में भाई बिरसा मुंडा के अलावा मां और पत्नी को गोली लगने से घायल हो गये। घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई गयी है। घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए रांची के रिम्स में भर्ती कराया गया है। काफी संख्‍या में आए वर्दीधारी पीएलएफआई उग्रवादियों ने इस घटना को अंजाम दिया है।

इस अंधाधुंध फायरिंग से गांव में दहशत का माहौल है। यह घटना रात के 11:30 से 12:00 बजे के बीच हुई है। इधर घटना की सूचना मिलते ही लगभग 4:00 बजे एसडीपीओ रणवीर कुमार सिंह, थानेदार एके दुबे, सब इंस्पेक्टर बमबम कुमार, राजन कुमार समेत काफी संख्या में पुलिस के जवान बगमा गांव पहुंचे।

पुलिस ने सभी घायलों को अस्‍पताल भेज दिया है। वहीं मृतक भैया राम के पार्थिव शरीर को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही पुलिस पूरे मामले की जांच में लग गयी है।

घटनास्थल पर एसपी अश्विनी कुमार सिन्हा समेत कई अन्य पुलिस अधिकारी भी पहुंचे। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद थे। दहशत के कई मंजर से सहमे ग्रामीणों के आक्रोश का भी पुलिस अधिकारियों को सामना करना पड़ा। एक महीने में यह दूसरी बार भाजपा नेता की हत्या हुई है। इससे पहले 28 अक्टूबर को भाजपा नेता राजेंद्र महतो की हत्या हुई थी। घटनास्थल से गोलियों के खोखे भी पुलिस ने बरामद किया है।

फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। बता दें कि घटनास्थल थाने से महज चार किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ महतो ने कहा कि भैयाराम मुंडा भाजपा एसटी मोर्चा में मंत्री थे।