देहरादून : थाना नेहरू कॉलोनी के अंतर्गत सचिवालय में तैनात एक समीक्षा अधिकारी की पत्नी ने
फांसी लगाकार आत्महत्या कर ली। आत्महत्या का कारण घरेलू विवाद बताया जा रहा है। पुलिस के
मुताबिक मृतका के मायका पक्ष को भी सूचित कर दिया गया है, उनके पहुंचने के बाद ही अग्रिम
कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस को सूचना मिली कि नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के पीडब्ल्यूडी कॉलोनी रेसकोर्स में एक महिला
किरण लता (38) पत्नी दिनेश कुमार ने पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली है। सूचना पर मौके
पर पहुंची नेहरू कॉलोनी पुलिस ने प्राथमिक जांच पड़ताल के बाद बताया कि प्रथम दृष्ट्या घरेलू
विवाद के चलते आत्महत्या करना प्रतीत हो रहा है।
नेहरू कॉलोनी चौकी इंचार्ज कमलेश शर्मा ने बताया कि दिनेश कुमार सचिवालय में आइटी विभाग में
समीक्षा अधिकारी के पद पर तैनात हैं। वह पिछले कई दिनों से मेडिकल छुट्टी पर चल रहे हैं।
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से पति-पत्नी में अनबन चल रही थी।
दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हुआ। जिसके बाद दिनेश कुमार किसी काम से बाजार चले गए।
इस दौरान इनके दोनों बेटे स्कूल से घर आए तो देखा कि मां पंखे से लटकी हुई है। यह देखकर
बच्चे चिल्लाने लगे। इतने में आसपड़ोस के लोग भी वहां एकत्रित हो गए और इसकी सूचना पुलिस
और परिजनों को दी गई।
थाना प्रभारी नेहरू कॉलोनी राजेश शाह ने बताया कि वर्ष 2003 में किरण लता की शादी हुई थी।
मृतका का मायका पक्ष ग्राम उज्जवलपुर तहसील कर्णप्रयाग चमोली में रहता है। उन्हें सूचित कर
दिया गया है और उनके आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।